पुखरायां। झांसी-कानपुर हाईवे पर भोगनीपुर ओवरब्रिज के नीचे इन दिनों ऑटो, ई-रिक्शा व अन्य चालकों की मनमानी हावी है।
सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने से जाम की स्थिति बनती है। जिससे हादसे का डर रहता है। चौराहा पर मुस्तैद पुलिस कर्मी भी तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं। भोगनीपुर चौराहा की खराब सड़क की वजह से लोगों को पहले से परेशानी हो रही है। वहीं अब बेतरतीब ढंग से ऑटो, ई-रिक्शा व अन्य डग्गामार वाहनों की पार्किंग ने मुसीबत बढ़ा दी है। रोडवेज बसों के खड़े होने वाले स्थानों पर यह कब्जा जमाए रहते हैं। इससे बस खड़ा करने में परेशानी होती है।
वहीं लोगों को इन वाहनों के खड़े होने से आगे के वाहन नहीं दिखाई देते। जाम की स्थिति बनती है तो हादसे का भी डर रहता है।
वहीं, यातायात व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस कर्मी भी सब कुछ जानते हुए अनजान बने हुए हैं। बता दें कि भोगनीपुर चौराहा ओवरब्रिज के नीचे से इटावा औरैया और झांसी से आने वाले वाहन सीधे घाटमपुर बिंदकी-फतेहपुर और हमीरपुर-बांदा होकर अन्य प्रांतों के लिए निकलते हैं। वाहनाें की आवाजाही अधिक हैं।
यातायात बढ़ने पर अवैध ढंग से हो रही पार्किंग व चालकों की मनमानी परेशानी का कारण बनती हैं। चालक आड़ा, तिरछा ऑटो व मैजिक लगाकर सवारियां बैठाते हैं।
यह सिलसिला दिन भर चलता है। रविवार को घाटमपुर जा रहे सुरेशचंद्र, शकुंतला, देवेश कुमार, इटावा जा रहे हेमेंद्र कुमार, रूची, नेहा, शालू, किशन ने बताया कि ऑटो व मैजिक चालक जबरन बीच रोड पर बैठाने का प्रयास करते हैं। रोडवेज बस खड़ी होती है तो भी भ्रमित करते हैं कि वह नहीं जाएगी।
कहा कि इस तरह सवारियों को भ्रमित करने पर तो रोक लगाई जानी चाहिए। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चौराहा में ट्रैफिक पुलिस रहती है, लेकिन बेतरतीब वाहनों के खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।