कानपुर देहात में राजपुर ब्लॉक के रमऊ गांव में शुक्रवार को टीकाकरण शिविर में एएनएम का पति वैक्सीनेशन के लिए ग्रामीणों से रुपये की वसूली करने लगा। इससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख बाद में ग्रामीणों को रुपये वापस किया जाने लगा।
इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं मामले में पीएचसी प्रभारी ने एएनएम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। राजपुर ब्लॉक के रमऊ गांव में टीकाकरण के लिए शुक्रवार को शिविर लगाया गया।
वहां तैनात संविदा एएनम पूनम कटियार ने ग्रामीणों का वैक्सीनेशन किया। इस दौरान उनके साथ पहुंचे पति पीकू ने ग्रामीणों से टीकाकरण के लिए रुपये वसूलना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी के बाद प्रधान जमाल अहमद ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और वसूली का विरोध शुरू कर दिया।
प्रधान ने एएनएम को जमकर फटकार लगाई। मामले को तूल पकड़ते देख कर्मचारी का पति लोगों को रुपये वापस करने लगा। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। मामले की शिकायत प्रधान ने पीएचसी प्रभारी डॉ. डीके सिंह से की है। इधर, वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को पीएचसी प्रभारी ने एएनएम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मामला संज्ञान में आया है। राजपुर पीएचसी प्रभारी की ओर से संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. एके सिंह, सीएमओ