कानपुर में जबरन धर्म परिवर्तन के मामलों की जांच को गठित एसआईटी ने 14 मामलों की जांच पूरी कर ली है। एसआईटी तीन से चार दिन में आईजी मोहित अग्रवाल को रिपोर्ट सौंपेगी। बीते अगस्त माह में बर्रा निवासी शालिनी यादव के प्रकरण के बाद शहर में जबरन धर्म परिवर्तन के कई मामले सामने आए।
इनमें गैर समुदाय के युवकों द्वारा युवतियों को भगा ले जाने के बाद जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगे थे। आईजी के निर्देश पर एसपी साउथ दीपक भूकर के नेतृत्व में जांच को नौ सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन हुआ था। आईजी ने टीम को दो साल पूर्व से दर्ज मुकदमों को भी जांच के दायरे में लेने के आदेश दिए थे।
सूत्रों के मुताबिक सब मिलाकर 23 मामले सामने आए थे। इनमें 14 को जबरन धर्म परिवर्तन की श्रेणी में रखते हुए जांच के दायरे में लाया गया था। इनमें भी पांच में फाइनल रिपोर्ट लगने से पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली। वहीं बाकी बचे नौ मामलों में पर्याप्त सबूत मिले हैं।
जबरन धर्म परिवर्तन संबंधित सभी जांचे पूरी कर ली गई हैं। तीन से चार दिन में आईजी रेंज को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
दीपक भूकर, एसपी साउथ