कानपुर में सचेंडी-बिधनू मार्ग पर बुधवार देर रात बैक हो रहे ट्रैक्टर ट्राली में तेज रफ्तार कार जा घुसी। भीषण सड़क हादसे में कार सवार चाचा भतीजे की मौत हो गई। कार चालक समेत चार लोग घायल हो गए। डॉक्टरों ने चालक की हालत गंभीर बताई है।
इलाके के बिनौर गांव निवासी योगेंद्र सिंह के चचेरे भाई की बेंदा गांव में सगाई थी। बुधवार को ई-ऑन कार से योगेंद्र की पत्नी पूजा, बहन गुड़िया, छोटा भाई अनिल सिंह (22), इकलौता बेटा युवराज सिंह (5), चचेरा भाई सुमित कार चालक गया प्रसाद के साथ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
रात करीब 10.30 बजे लौटते वक्त सचेंडी-बिधनू रोड पर रुस्तमपुर गांव के पास ट्रैक्टर चालक ने बिना देखे अपना वाहन बैक किया। इससे ट्राली सड़क के बीचोंबीच आ गई। तभी तेज रफ्तार कार ट्राली में जा भिड़ी। हादसे में कार की अगली सीट पर बैठे अनिल व उनकी गोद में बैठे युवराज के सिर में गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही मौत हो गई।