Banda News: प्रेमी के शादी से इनकार करने से आहत युवती ने मौत को गले लगा लिया। दोनों के बीच पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ढाई माह की गर्भवती थी।
बांदा जिले में प्रेमी के शादी से इनकार करने से आहत गर्भवती प्रेमिका ने उसके खेत में लगे नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मरका थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने शनिवार की सुबह घर से कुछ दूर स्थित खेत में खड़े नीम के पेड़ से दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी।
विज्ञापन
आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी। पिता ने बताया कि पांच साल से बेटी का पारिवारिक भतीजे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह गर्भवती हो गई थी। करीब ढाई माह का गर्भ था। पता चलने पर उन्होंने लड़के और उसके घर वालों से बात की। उन्हें शादी के लिए मनाया।
पिता का आरोप है कि प्रेमी पक्ष ने बेटी से शादी करने से इनकार कर दिया था। इससे आहत होकर बेटी ने खुदकुशी कर ली। पिता का कहना है कि वह मजदूर पेशा परिवार है। मरका थानाध्यक्ष नरेश कुमार प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।