हरदोई के माधौगंज के इंटर कालेज में जनसभा को संबोधित करतीं
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को हरदोई जिले के माधौगंज की जनसभा में सीधे प्रधानमंत्री को निशाने पर रखा और कहा कि किसानों की परेशानी से पीएम अंजान हैं। उन्हें पता ही नहीं कि आवारा जानवरों की समस्या से किसान कितना परेशान है।
उन्हें जातिवाद, आतंकवाद और धर्मवाद का बखेड़ा खड़ा करने से ही फुरसत नहीं। कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां आवारा जानवरों पर नियंत्रण के बेहतर उपाय किए गए हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर 12 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे और रोजगार के आठ लाख नए अवसर पैदा करेंगे।
स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। पार्टी प्रत्याशी सुभाष पाल के समर्थन में इंटर कालेज मैदान में जनसभा में महिलाओं पर अत्याचार, बेरोजगारी और किसानों की समस्या पर भाजपा को घेरा।
कहा कि किसान रातभर जागकर फसलों की सुरक्षा में लगा है। पीएम को किसानों की समस्या की जानकारी तक नहीं है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार में छुट्टा जानवरों की समस्या नहीं है। कहा कि भाजपा ने जो गोशालाएं बनवाई, उनमें न चारा है और न ही पानी।