विधानसभा चुनाव 2022 में टिकट कटने के अंदेशे को देखते हुए बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवती सागर ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद सपा का दामन थामा है। चर्चा है कि जल्द ही वह समाजवादी पार्टी के टिकट से ही वह बिल्हौर, घाटमपुर या फिर मऊरानीपुर सभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
यह भी कहा जा रहा है कि भगवती सागर खुद चुनाव न लड़कर अपने बेटे को इस बार मैदान में उतार सकते हैं। बताया जा रहा है महानगर और देहात जनपद से जुड़ी सभी 14 विधानसभा सीटों में से कई और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इसमें कई और लोगों के टिकट कटने का अंदेशा है।
पता चला है कि बिल्हौर विधायक भगवती सागर सहित भाजपा के कई ऐसे विधायकों को पिछले दिनों हाईकमान की तरफ से लखनऊ बुलाया गया था, जिनको इस बार टिकट देने पर संदेह है। इन सभी को संकेत दे दिए गए हैं, कि इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा। साथ में यह भी कहा गया कि जिन विधायकों का टिकट काटा जाएगा, उन्हें पार्टी कहीं दूसरे स्थान पर जिम्मेदारी देगी।
ऐसे सभी विधायकों की पार्टी की तरफ से पहले ही एक सर्वे रिपोर्ट तैयार कराई गई थी। रिपोर्ट में ऐसे विधायकों की क्षेत्र में सक्रियता की कमी और पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों में रोष की बात कही गई है। कहा जा रहा है कि जिन विधायकों ने इस्तीफे का एलान किया है, उनको दूसरी पार्टियों से चुनाव लड़ने का संदेश मिल गया है। जिन लोगों को अभी दूसरी जगह से हरी झंडी नहीं मिली है, वे अभी इंतजार में हैं।