उन्नाव जिले में चुनावी महासमर की फाइनल परीक्षा बुधवार को होगी। विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे प्रत्याशियों के पूरा जोर लगाने के बाद अब बारी जनता की है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंगलवार को पोलिंग पार्टियां मतदान बूथों पर रवाना हो गईं। फोर्स ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जिले में चौथे चरण में आज वोट डाले जाएंगे। 2656 बूथों पर 22 लाख से अधिक वोटर 57 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती रिकार्ड मतदान कराने की है। इसके लिए प्रयास भी खूब किए गए हैं। अब जिम्मेदारी जनता की है।
अगर वह चाह ले तो जिला वोटिंग में टॉप कर सकता है। डीएम रवींद्र कुमार व सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बिना किसी डर के मतदान करें। वोट का महत्व पहचानें। हर बूथ पर रिकार्ड वोटिंग हो। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक चलेगा।
22 लाख मतदाता, 57 प्रत्याशी
जिले में कुल वोटर 22,85870 है। इनमें पुरुष मतदाता 12,40612 और महिला वोटर 10,45145 है। चुनाव में 57 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी पुरवा में हैं।