उम्र से बूढ़े जरूर हैं पर उत्साह अभी भी युवाओं जैसा है। यह बात जालौन के बुजुर्ग मतदाताओं पर सटीक बैठती है। सुबह 7:00 बजे उरई सदर कालपी और माधवगढ़ विधानसभा के शहर क्षेत्र पर सबसे पहले वोट डालने वालों में बुजुर्ग रहे।
उरई सदर के तहसील परिसर में बने बूथ पर सबसे पहले मतदान करने आए बुजुर्ग प्रेम चंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी मालती गुप्ता को प्रमाण पत्र और फूल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि मतदान हर व्यक्ति का सबसे पहला कर्तव्य है। इसलिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
इसी बूथ पर बुजुर्ग कमलेश कुमार और उनकी पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि वह सुबह उठने के बाद सबसे पहले मतदान के लिए आए हैं। क्योंकि यह सबसे जरूरी काम था। इसी बूथ पर आए बुजुर्ग मोहम्मद आरिफ और ओम प्रकाश बोले हम उम्र से बुजुर्ग जरूर हो गए लेकिन मतदान करने के लिए आज भी हममें युवाओं जैसी ऊर्जा है। माधोगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोंच के जवाहर नगर बूथ पर 82 वर्षीय जसवंत सिंह चलने में असहाय हैं फिर भी उन्होंने वोट देकर मतदान का महत्व समझाया।