गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मनोहर नगर में 'आई लव मोहम्मद' के समर्थन में निकाले जा रहे जुलूस को रोकने पहुंची पुलिस टीम पर रविवार रात आंशिक रूप से पथराव कर दिया गया। भीड़ ने न सिर्फ पुलिस पर पत्थर फेंके बल्कि कोतवाली इंस्पेक्टर की वर्दी के स्टार भी नोच लिए। इस झड़प के बाद पुलिस ने आंशिक बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठियां भी भाजी गई।
रविवार रात मनोहर नगर में सैकड़ों लोग जुलूस निकाल रहे थे। सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन प्रदर्शनकारी उत्तेजित हो गए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके जवाब में भीड़ ने पथराव कर दिया। इसी दौरान, कोतवाली गंगा इंस्पेक्टर की वर्दी के स्टार भी नोच लिए गए।
पुलिस ने किसी तरह खुद को बचाया और जिले के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गंगाघाट, सदर कोतवाली, अचलगंज, कोतवाली के अलावा दंगा नियंत्रण वाहन और पीएसी बल के जवान मौके पर पहुंचे। सीओ मधुपनाथ मिश्र और सीओ सोनम सिंह ने भी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में 6 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल है।