फ्लैट और दुकान बेचने के नाम पर लोगों की जमापूंजी हड़पने के आरोपी गजेंद्र सिंह नेगी को रावतपुर पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। नेगी के खिलाफ कल्याणपुर और रावतपुर में कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे लखनऊ से गिरफ्तार किया था।
बिल्डर का काम करने वाले नेगी ने लोगों को सस्ते दामों में बेहतर फ्लैट व दुकानें बेचने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की है। कानपुर पुलिस ने जब ऑपरेशन महाकाल शुरू किया तो उसके खिलाफ एक साथ कई प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इन सभी की जांच के बाद कल्याणपुर और रावतपुर थाने में आरोपी के खिलाफ एक के बाद एक कई मामले दर्ज हुए थे। डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है।