प्रिया त्रिवेदी अपने माता-पिता के साथ
- फोटो : अमर उजाला
मजदूर की बेटी प्रिया त्रिवेदी ने साबित कर दिखाया है कि सफलता सुख-सुविधाओं से नहीं बल्कि लगन से हासिल की जाती है। बेहद ही अभावों में पली-बढ़ी प्रिया ने हाईस्कूल में 88.16 फीसदी अंक हासिल कर नाम रोशन किया है। शाहपुर बिधनू की रहने वाली प्रिया आईएएस बनकर गरीब बच्चों के विकास के लिए कुछ करना चाहती हैं।
आठवीं तक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली प्रिया का दाखिला पूर्व डीएम सुरेंद्र सिंह ने ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन में करवाया था। प्रिया की पढ़ाई और हॉस्टल का खर्च स्कूल ही उठा रहा है। पिता शिवभान त्रिवेदी मजदूरी करते हैं। प्रिया बताती हैं कि उनका गांव ढाई साल पहले ओडीएफ घोषित हुआ था, तब तत्कालीन डीएम सुरेंद्र सिंह गांव आए थे।
वह आठवीं में थी और एक भाषण दिया था। उसका भाषण सुनकर डीएम बहुत प्रभावित हुए थे और स्वच्छता अभियान का एंबेसडर बनाया था। उन्होंने पढ़ाई के बारे में पूछा तो बताया कि आर्थिक हालत इतनी ठीक नहीं कि आगे पढ़ सके। इसके बाद डीएम ने उसका दाखिला कराया था।