कानपुर में चुनावी मुद्दों पर चर्चा करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
विकास : डॉली सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार ने काफी विकास किया है। अभी इलेक्ट्रॉनिक बसों की शुरुआत हुई है। नारी शक्ति मिशन चल रहा है। समाजसेविका ललिता चौहान ने कहा कि नारी शक्ति मिशन से महिलाओं को काफी फायदा मिल रहा है। महिलाओं का समूह बनाया जा रहा है। इससे महिलाएं खुद का काम कर रहीं हैं। उन्हें सिलाई का काम दिया जा रहा है। ललिता ने कहा कि योगी सरकार में सड़कें बन रहीं हैं, हाईवे बने, मेट्रो, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज बन रहे हैं। गरीबों को मुफ्त आवास, शौचालय मिल रहा है। फ्री राशन दिया जा रहा है। माया राठौर ने बताया कि गांवों में लोगों के घरों में शौचालय बन रहा है। इसके अलावा लोगों को मकान मिल रहा है। महंगाई जरूर बढ़ गई है।
महंगाई : डॉ. राधा तिवारी ने कहा कि कुछ लोग विकास को महंगाई से जोड़कर बताते हैं। मैं पूछना चाहती हूं कि महंगाई से विकास का क्या ताल्लुक? महंगाई बढ़ने से आम लोग परेशान होते हैं। डॉ. तमन्ना बेगम ने कहा कि महंगाई कम होनी चाहिए। शिक्षा का स्तर बेहतर करना चाहिए। बेरोजगारी खत्म करने की जरूरत है।
निहारिका गुप्ता ने कहा कि चार-पांच प्रतिशत तक महंगाई बढ़नी जरूरी है, लेकिन इससे ज्यादा बढ़ने पर दिक्कत है। महंगाई बढ़ क्यों रही है, इन कारणों पर जाने की जरूरत है। जनधन अकाउंट खुले, लेकिन बैकडोर से खाते से पैसे भी कट रहे हैं। महिलाएं परेशान हैं। बैंक के लोग भी सपोर्ट नहीं करते हैं। चेकबुक नहीं देते, एटीएम नहीं देते हैं। फिर ये कैसा जनधन योजना हुआ?
सुरक्षा : साक्षी पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पहले से काफी बेहतर है। वंदना शुक्ला ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था है, लेकिन अभी बहुत काम करने की जरूरत है। रात में घर से निकलने में अभी भी डर लगता है। महिलाएं तभी सुरक्षित होंगी जब यहां नशे का कारोबार बंद हो जाएगा। श्रेया ने कहा कि नशे से सबकुछ नहीं खत्म होगा। मानसिकता बदलेगी तभी इस तरह की घटनाएं बंद होंगी।
डॉ. किरण ने कहा कि लोगों की रेप, छेड़खानी जैसी घटनाओं को बंद करने के लिए समाज की मानसिकता बदलनी होगी। ये शिक्षा के स्तर को बढ़ाने से होगा। आपस में विचार-विमर्श करके लोगों की मानसिकता बदल सकती है।
ये मुद्दे भी उठे
- सुचिता अवस्थी ने कहा कि हर क्षेत्र में धीरे-धीरे काम हो रहा है। अवस्थी ने बताया कि हाल ही में उन्होंने अगरबत्ती का काम शुरू किया है। सरकार से काफी मदद भी मिली। लेकिन इस बीच, मेरे काम करने की जगह छोटी पड़ गई। जगह चेंज की तो बिजली का कनेक्शन बदलने में काफी दिक्कत हुई। केस्को वाले मदद नहीं करते हैं।
- डॉ. नीलम पाल ने कहा कि शिक्षकों को पेंशन मिलनी चाहिए।
- प्रिया और सीमा ने कहा कि पहले के मुकाबले काफी बेहतर हो गया है। साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक हुई है। सड़कें अच्छी हो गई हैं।