कानपुर के बारासिरोही में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी आकाश गौड़ को बुधवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बारासिरोही नहर के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। प्राथमिकी उपचार के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी बोला कि वह पोर्न देखता रहता था। इसलिए उसको सनक चढ़ गई और वारदात को अंजाम दे डाला। बारासिरोही निवासी आकाश ने सोमवार देर शाम बच्ची को अगवा कर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया था। एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीमें आकाश की खोजबीन कर रही थीं तभी बुधवार तड़के बारासिरोही नहर के पास आकाश दिखाई पड़ा। जब पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया तो उसने उन पर गोली चला दी। इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
नशे में धुत होकर की थी हैवानियत
पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूली है। उसने बताया कि उस शाम वह शराब के नशे में धुत था। मोबाइल पर पोर्न वीडियो देख रहा था। तभी उसको सनक चढ़ गई। उसको समझ नहीं आ रहा था। बच्ची दिखी तो उसको उठा ले गया और दुष्कर्म किया। जब वह खून से लथपथ हो गई तो छोड़कर भाग गया था।
बाल कटवाए, दाढ़ी-मूंछ हटाई
आरोपी बचने की हर जुगत में लगा हुआ था। वारदात के बाद उसने अपनी बाल कटवा लिए थे। साथ में दाढ़ी-मूंछ भी हटा दी थी। जिससे वह जल्दी में पहचान में न आए।