लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए लगी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम की बीघापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बाइक सवार तीन बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। गोली लगने से दो बदमाश घायल हुए हैं। जबकि तीसरा मौका पाकर भाग निकला। मुठभेड़ की सूचना पर सीओ और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे। घायलों को सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारा सगवर थानाक्षेत्र के बरदहा गांव निवासी किसान रामप्रसाद 20 सितंबर को बीघापुर कोतवाली के इंडेमऊ में संचालित पंजाब नेशनल बैंक से 20 हजार रुपए निकालने आए थे। रुपए निकालने के बाद साइकिल से घर जाते समय हाईवे पर उनके साथ लूट हो गई थी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच लुटेरों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को तीन लुटेरे नजर आए थे। उनकी तलाश चल रही थी। शनिवार भोर पहर 5:30 बजे पुलिस को पता चला कि बाइक सवार तीनों लुटेरे पुरवा-चमियानी मार्ग पर बीघापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।