लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास शुक्रवार रात डिवाइडर से टकराने के बाद टैंकर पलट गया। इससे सरसों का तेल बहने लगा। देखते ही देखते काफी संख्या में जुटे ग्रामीण पिपिया और अन्य बर्तनों में तेल लूटने लगे। इस दौरान कई ग्रामीण फिसलते और संभलते रहे।
देखते ही देखते एक हजार लीटर तेल लूट लिया गया। ग्रामीणों की संख्या अधिक होने से पुलिस तमाशबीन बनी खड़ी रही। बाद में थाने से और पुलिस बल पहुंचने पर ग्रामीणों को खदेड़ा जा सका। लखीमपुर खीरी के ग्राम इटौलिया निवासी हसीब शुक्रवार को दिल्ली से 33 हजार लीटर सरसों के तेल से भरा टैंकर लेकर असम जा रहे थे।
रात नौ बजे चालक को झपकी लग जाने से तेज रफ्तार टैंकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे की हवाई पट्टी के पास ग्राम नसिरापुर के निकट सीमेंट के डिवाइडर से टकरा गया। टैंकर में छेद होने से तेल एक्सप्रेसवे पर बहने लगा। जानकारी होने पर हैबतपुर और नसिरापुर के ग्रामीण बर्तन व पिपिया लेकर पहुंच गए।
सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे के खतरे को देखते हुए भीड़ को हटाने का प्रयास किया पर तेल लूटने की होड़ मच गई। ग्रामीणों की संख्या अधिक देख पीआरवी ने बांगरमऊ पुलिस को जानकारी दी।