उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दिल्ली के कंझावला जैसा मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटा। हादसे में परीक्षा देने जा रहे छात्रों को मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जाम लगा दिया।
उन्नाव जिले के मौरावां कस्बे में कंझावला हिट एंड रन जैसा मामला सामने आया है। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर एक डीसीएम ने करीब 10 किलोमीटर तक बाइक को घसीटा। 10 किलोमीटर तक बाइक कार के नीचे फंसी रही। इस हादसे में बाइक सवार छात्रों की मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, कस्बे के चौधरी टोला निवासी दो छात्र शुक्रवार सुबह हाईस्कूल की परीक्षा देने नव चेतना इंटर कॉलेज हिलौली जा रहे थे। दोनों छात्रों को तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया। मौके पर ही दोनों छात्रों की मौत हो गई।
मृतक छात्र करण चौधरी (15) और अमित कटियार (17) दोनों रामादेवी चौरसिया विद्यालय के छात्र थे। मौरावां पुलिस ने चालक को 10 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा। मृतक छात्रों के परिजन ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को बुलाने पर अड़े रहे।
उन्होंने मुख्य मार्ग मौरावां मोहनलालगंज को जाम कर दिया गया। जाम खुलवाने में मौरावां पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, हादसे की सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी अजीत जयसवाल और क्षेत्राधिकारी पुरवा संतोष सिंह ने जाम खुलवाने का प्रयास किया।