कानपुर के होटल में महिला सिपाही के साथ पकड़े गए थे सीओ
- फोटो : amar ujala
महिला सिपाही के साथ कानपुर के एक होटल में पकड़े गए सीओ ने गुरुवार को पाटन स्थित सरकारी आवास छोड़ दिया। वह अपना सामान लेकर मुख्यालय में बने अतिरिक्त सीओ के आवास में शिफ्ट हो गए हैं। अभी तक इस आवास में सीओ एके राय रहते थे। वह बीघापुर में तैनाती मिलने पर अपना सामान लेकर पाटन के आवास चले गए।
सीओ के शिफ्ट होने से पहले उनकी निगरानी में एक दरोगा और दो सिपाही आवास पर लगे रहे। पुलिस अफसरों का कहना था कि घटना से आहत होकर सीओ खुद को कोई नुकसान न पहुंचा लें, इसलिए निगरानी कराई गई। जिले में तैनात एक सीओ ने अपने पैतृक घर गोरखपुर जाने के लिए एसपी आनंद कुलकर्णी से मंगलवार को छुट्टी ली थी।
उनका फोन लगातार स्विच ऑफ रहने पर पत्नी को अनहोनी का शक हुआ। इस पर उन्होंने एसपी को जानकारी दी। एसपी ने सर्विलांस की मदद से सीओ के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई। उनकी लोकेशन कानपुर मालरोड के एक होटल की पाई गई। पुलिस टीम कानपुर रवाना की गई।
होटल का रजिस्टर खंगाला तो सीओ और महिला सिपाही का नाम दर्ज पाया गया। महिला सिपाही के साथ होटल के कमरे में सीओ के मिलने की चर्चा फैलते ही मामला सुर्खियों में आ गया। बुधवार को एसपी ने एएसपी शशि शेखर सिंह को मामले की जांच देने के साथ ही सीओ को पुलिस कार्यालय से संबद्ध कर दिया था।
छुट्टी पर गई महिला सिपाही
घटना के बाद बुधवार को अनुपस्थित रही महिला सिपाही गुरुवार सुबह थाने पहुंची। कुछ देर रुकने के बाद एक प्रार्थना पत्र देकर एसओ से तीन दिन की छुट्टी लेकर चली गई। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि महिला सिपाही के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।