कन्नौज जिले के बेहटा गांव में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने पिता स्व. डॉ. सोनेलाल पटेल की जन्मस्थली का वास्ता देकर भाजपा को वोट देने की अपील की। अनुप्रिया ने मंच से भाजपा प्रत्याशी असीम अरुण की तारीफ भी की।
सोमवार को चुनावी जनसभा में अनुप्रिया कहा कि भाजपा फिर से यूपी में सरकार बनाने जा रही है। इस बार जो कार्य होने से छूट गए हैं, उन्हें पूरा कराया जाएगा। विकास कार्य होने से ही तरक्की, खुशहाली और समृद्धि के रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
इस क्षेत्र से है गहरा लगाव
राज्यमंत्री ने कहा कि यह मेरे पिता जन्मस्थली है। इसलिए मेरा सभी लोगों से बेहद लगाव है। जनसभा में कैलाश राजपूत, बनवारी लाल दोहरे अपना दल के जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने भी संबोधित किया। संचालन वीर सिंह भदौरिया ने किया।
समर्थकों ने फूल मालाओं से किया स्वागत
समर्थकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को फूल माला पहनाकर और भगवान बुद्ध प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर अभिषेक पांडे, मनोज अवस्थी, प्रदीप कनौजिया, संतराम कटियार, दीपक कटियार मुखलाल पालस सौरव कटियार, अंकुर कटियार, रामनाथ कटियार, मदन अग्निहोत्री मौजूद रहे।