उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को कुलपहाड़ की धरती से विरोधियों पर जमकर बरसे। बोले-राहुल गांधी आलू से सोना और अखिलेश इत्र से नोटों की गड्डियां बनाते हैं। हमने राम जन्मभूमि में मंदिर बनाकर 500 साल की लड़ाई खत्म की।
औरंगजेब ने बाबा विश्वनाथ का मंदिर तोड़ा था, हमने उसे विशाल धाम बना दिया। पूर्व की सरकारों में बिजली के तारों में कपड़े सुखाए जाते थे। भाजपा और अन्य दलों की सरकारों में फर्क साफ है। पहले बिजली आती नहीं थी, अब जाती नहीं है।
कस्बे के श्रीकिशोर गोस्वामी इंटर कालेज परिसर में सभा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्मी जी कमल के फूल पर बैठकर आती हैं। साइकिल, हाथी या पंजे पर नहीं। विरोधियों की दुकानों पर अलीगढ़ का ताला लगा दिया है। इस बार 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, बुंदेलखंड को और संवारेंगे। आप लोग विरोधियों की जमानत जब्त कराएंगे तो 10 मार्च के बाद फिर आऊंगा।
महोबा में केशव प्रसाद मौर्य को प्रत्याशी मानिए, ब्रजभूषण या राकेश गोस्वामी को नहीं। इसलिए मेरे नाम पर वोट दीजिए। हमारी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। 15 साल बुआ-भतीजे से हमारी पांच साल की भाजपा सरकार बेहतर रही। बसपा समाप्त हो चुकी है। कांग्रेस में फोटो खिंचाने वाले भी नहीं बचे हैं।