देशराज ने परमेंद्र की हत्या के लिए कानपुर देहात के गजनेर नारायणपुर निवासी सुनील उर्फ छंगा और उसके साथी दामोदर नगर निवासी बबलू उर्फ सुल्तान को 1.60 लाख की सुपारी दी थी। सुनील देशराज के घाटमपुर के चांदपुर निवासी दोस्त राजबहादुर सिंह का रिश्तेदार था। हत्या के लिए आरोपियों ने बांस खरीदार बनकर परमेंद्र को फोन कर बुलाया और सुनसान जगह ले जाकर हत्या कर दी। पुलिस ने देशराज के अलावा सुनील उर्फ छंगा, बबलू उर्फ सुल्तान और राजबहादुर सिंह को गिरफ्तार किया है।
ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने सबसे पहले परमेंद्र के फोन की डिटले निकलवाई। इसमें पता चला कि घटना वाले दिन परमेंद्र के पास अज्ञात नंबर से फोन आया था। इसकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद यह भी सामने आया कि ताऊ देशराज की भी इस अज्ञात नंबर से बात हुई है। इसके बाद देशराज को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया।
पिता की पैरवी और परमेंद्र को पालने के एवज में हड़पना चाहता था संपत्ति
डीसीपी दक्षिण ने बताया कि परमेंद्र के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। कुछ साल परमेंद्र अपनी बुआ के यहां रहा और फिर ताऊ के यहां रहने लगा। ताऊ ने परमेंद्र के पिता को दहेज हत्या में जेल होने के बाद पैरवी की थी और परमेंद्र को पाला था। इसके बदले वह परमेंद्र की संपत्ति हड़पना चाहता था। इस वजह से वह नहीं चाहता था कि परमेंद्र की शादी हो। बुआ ने जब परमेंद्र की शादी तय कर दी तो फिर उसने हत्या की साजिश रच डाली।