शुक्लागंज। मिश्रा कालोनी स्थित पक्के घाट में एक वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौटते वक्त शिव पंडा घाट पर गंगा स्नान करने के दौरान एक युवक डूब गया जिसे बचाने दो और युवकों ने छलांग लगाई वह भी डूबने लगे। गोताखोरों की नजर पड़ी तो उन्होंने दो युवकों को पहले निकाल लिया गया जबकि तीसरे युवक की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
कानपुर के गोपाल नगर, नौबस्ता निवासी चंदा (65) पत्नी विष्णु की बीमारी के कारण शुक्रवार सुबह मौत हो गई थी। उनके अंतिम संस्कार में क्षेत्रीय निवासी वीरू(35) पुत्र खानू गुजराती अपने भतीजों मंगल (28) पुत्र राजू व सुरेश पुत्र राकेश के साथ आए थे। दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार के बाद वापस लौटते वक्त तीनों शिवपंडा घाट नहाने पहुंच गए। जहां नहाने के दौरान वीरू अचानक पैर फि सलने से गहराई में जाकर डूबने लगा। चाचा वीरू को डूबता देख मंगल और सुरेश ने बचाने के लिए छलांग लगा दी।
लेकिन पानी ज्यादा होने के कारण वह भी डूबने लगे तभी गोताखोरों की निगाह पड़ी तो उन्होंने कूदकर मंगल और सुरेश को निकाल लिया लेकिन वीरू को गहराई के कारण कुछ देर बाद निकाला जा सका। अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोग तत्काल उसे कानपुर लेकर भागे। गोपाल नगर निवासी दोस्त मुकेश ने बताया कि उपचार के दौरान एक नर्सिंग होम में वीरू ने दम तोड़ दिया। जबकि उसके दोनों भतीजे ठीक हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची पश्चिमी चौकी इंचार्ज अबू कासिम ने बताया कि घाट पर रहे क्षेत्रीय लोगों जानकारी दी कि वीरू को वह लोग बार-बार गहराई में जाने से रोक रहे थे लेकिन वह नहीं माना और घटना हो गई। शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
घटना के बाद घाट पर लगी भीड़ - फोटो : SHUKLGANJ