सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। गजनेर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में कुएं में गिरे बकरे को निकालने उतरे दो युवक जहरीली गैस से बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंचे दमकल जवान ने दोनों युवकों को निकाल कर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शंकरपुर गांव में दोपहर दो बजे के करीब मलखान सिंह के दरवाजे पर स्थित करीब 25 फीट गहरे सूखे कुएं में एक छुट्टा बकरा गिर गया। बकरे को गिरते मोहल्ले का बलवीर सिंह (35) व उसके साथी बृजेश (25) ने देखा। बकरा निकालने के लिए बलवीर कुएं में उतर गया। काफी देर तक नहीं निकलने पर ब्रजेश सिंह भी कुएं में उतर गया। कुएं में जहरीली गैस से दोनों बेहोश हो गए। कुछ लोगों ने ब्रजेश को कुएं में उतरते देखा था। काफी देर तक बाहर नहीं आया तो लोग इकट्ठा हो गए। किसी ने खबर ब्लॉक में गरीब कल्याण मेला कार्यक्रम में आए विधायक विनोद कटियार, जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह चौहान को दी। ये लोग गांव पहुंचे और एसपी व सीएमओ को सूचना दी। कुछ देर में माती से फायर टैंकर लेकर अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार पहुंचे। दमकल जवानों ने पानी की बौछार कर जहरीली गैस को निष्क्रिय किया। इसके बाद लालटेन डालकर कुएं में गैस की जांच की।
फायरमैन उपेंद्र सिंह यादव रस्सी के सहारे कुएं में उतरा और दोनों युवकों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां सीएमओ डॉ. एके सिंह, डॉ. निशांत पाठक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसडीएम अकबरपुर राजीव राज व सीओ अरुण कुमार भी पहुुंच गए थे। गजनेर थाना प्रभारी गंगा सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों में मचा कोहराम
सरवनखेड़ा। बृजेश अविवाहित था और दो साल से सरवनखेड़ा में संचालित अकादमी में कोचिंग में रेलवे की तैयारी कर रहा था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बृजेश की मौत से मां राजरानी ने रुंधे गले से कहा कि ईश्वर उसे उठा लेता लेकिन बेटे को बचा लेता। छोटी बहन सीता व भाई कुलदीप, बलराम व अमित रोते बिलखते रहे। वहीं, बलवीर मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन कर रहा था। उसके पत्नी सुनीता और दो बेटियां व एक बेटा है। पिता मुन्ना समेत सभी आंखें नम हो गईं। (संवाद)
कच्चे रास्ते में फंसा फायर टैंकर
शंकरपुर में दमकल जवान फायर टैंकर लेकर पहुंचे। कच्चे रास्ते पर फायर टैंकर फंस गया। इसपर दमकल जवानों ने पाइप की मदद से कुएं में पानी की बौछार की। गिरा बकरा नहीं निकाला जा सका। ग्रामीणों ने जहरीली गैस से बकरे की मौत की आशंका जताई है।