रूरा (कानपुर देहात)। नगर से फजलगंज (कानपुर) के लिए दो रोडवेज बसें शनिवार से चलने लगी हैं। नहर पुल से होकर अकबरपुर वाया कानपुर बसें चलेंगी। करीब एक माह से सीएनजी बसें बंद होने से लोगों को कानपुर तक आवाजाही में दिक्कत हो रही थी।
रूरा से अकबरपुर होकर चलने वाली सिटी बसें बंद कर दी गई थीं। इसके बाद से कानपुर या अकबरपुर आने जाने वाले लोगों को ऑटो या फिर डग्गामार वाहनों से यात्रा करना पड़ रहा था। करीब सात हजार लोगों हर दिन आवाजाही को लेकर परेशान हो रहे थे। कानपुर में पढ़ने वाले छात्रों व व्यापारियों को भी समस्या हो रही थी। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता उर्फ मोनू ने डीएम को ज्ञापन देकर 10 रोडवेज बसों की मांग की थी। हालांकि दो बसें दी गई वह भी अकबरपुर से माती तक ही चलीं तो परेशानी बनी रही। अधिवक्ता विनोद सक्सेना ने संपूर्ण समाधान दिवस में परिवहन समस्या की शिकायत की।
शनिवार को परिवहन विभाग ने दो रोडवेज बसें चलाई। यह बसें रूरा से फजलगंज के बीच चलेंगीं। माती डिपो के एआरएम मोहम्मद अशफाक ने बताया कि एक बस का टाइम टेबल तय किया गया है। दूसरी बस का टाइम टेबल भी जल्द तय किया जाएगा। ये बसें ट्रायल के तौर पर चलाई जा रही हैं। वहीं लखनऊ व कानपुर सीधा जाने वाली कुछ रोडवेज बसों के रूट डायवर्जन किए गए हैं। ये बसें भी अब रूरा होकर चलेगी तो सहूलियत होगी।
....................
रोडवेज बस का टाइम टेबल
रूरा नहर पुल से सुबह 7 बजे बस चलेगी। 7:10 बजे रूरा ओवर ब्रिज चौराहा से चलकर 7:50 बजे अकबरपुर में नमस्ते चौराहा पहुंचेगी। सुबह 9:30 बजे बस फजलगंज पहुंचेगी। इसके बाद फजलगंज से सुबह 10:15 बजे चलेगी और अकबरपुर में नमस्ते चौराहा पर सुबह 11:15 बजे पहुंचेगी। यह बस रूरा नहर पुल पर सुबह 11:45 बजे पहुंचेगी। दूसरे फेरा में बस रूरा नहर पुल से दोपहर 12:10 बजे चलेगी। रूरा ओवरब्रिज बड़ा चौराहा से दोपहर 12:20 बजे चलेगी। अकबरपुर नमस्ते चौराहा से दोपहर 12:50 बजे चलेगी। दोपहर में 1:45 बजे फजलगंज पहुंचेगी। वहां से दोपहर 2 बजे अकबरपुर के लिए चलेगी। दोपहर में 3 बजे अकबरपुर नमस्ते चौराहा पर पहुंचेगी। रूरा नहर पुल पर शाम 3:35 बजे पहुंचेगी। तीसरा फेरा में रूरा नहर पुल से शाम 4 बजे बस चलेगी। रूरा ओवर ब्रिज बड़ा चौराहा से शाम 4:10 बजे बस चलेगी। अकबरपुर नमस्ते चौराहा से शाम 4:30 बजे बस चलेगी। शाम को 5:30 बजे फजलगंज पहुंचेगी। वहां से शाम 5:40 बजे चलेगी और शाम 6:40 बजे अकबरपुर पहुंचेगी। शाम 7 बजे रूरा नहर पुल पर पहुंचेगी।