कानपुर देहात। जिला खाद्य विपणन अधिकारी के सीयूजी नंबर पर इनकमिंग सेवा शनिवार को बहाल हो गई। कई किसानों नेे कॉल कर अनाज बेचने के संबंध में जानकारी ली। अमर उजाला ने एक सप्ताह से सीयूजी नंबर की इनकमिंग सुविधा बंद होने का मुद्दा उठाया, इसके बाद सीयूजी नंबर की सेवा बहाल हुई।
जिले में मोटे अनाज की सरकारी खरीद के लिए एक अक्तूबर से क्रय केंद्र खुल गए हैं। हालांकि अभी केवल दो केंद्रों पर अनाज खरीद की शुरुआत हुई है। इधर जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डिप्टी आरएमओ) से सीयूजी मोबाइल नंबर पर किसान बात नहीं कर पा रहे थे। एक सप्ताह से सीयूजी नंबर की इनकमिंग सुविधा बंद होने का मुद्दा अमर उजाला ने शनिवार के अंक में उठाया। इस पर जिला खरीद अधिकारी ने सीयूजी नंबर की इनकमिंग बंद होने पर डिप्टी आरएमओ से नाराजगी जताई। इसके बाद वैल्यू रिचार्ज किया गया और सीयूजी नंबर पर इनकमिंग सेवा बहाल हो गई। अकबरपुर के कैलाश, रूरा के दीपक और कमलेश आदि ने सीयूजी नंबर पर फोन कर सरकारी क्रय केंद्राें व अनाज बेचने के लिए पंजीकरण आदि के संंबंध में जानकारी ली।