कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर झपकी आने से तेज रफ्तार एक्सयूवी कार आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सकरावा क्षेत्र में चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार एक्सयूवी कार आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, पटना के व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको सैफई में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
पटना (बिहार) के थाना सदर के बुद्ध चौक रोड नियर स्टेट बाहर नाथूपुर निवासी व्यवसायी अशोक कुमार (39) अपने साथी थाना बाजार समिति गिरजा अपार्टमेंट नया टोल निवासी प्रसन्नजीत (45), थाना नूरसहाय कस्बा निवासी चालक आकाश कुमार (25) के साथ रविवार रात को कार से नोएडा से पटना जा रहे थे। देर रात करीब दो बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सकरावा क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 147 पर चालक को झपकी आने से कार आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसे में अशोक, प्रसन्नजीत, आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को कार से निकालकर एंबुलेंस से सैफई भिजवाया। यहां पर इलाज के दौरान चालक व प्रसन्नजीत ने दम तोड़ दिया। अशोक का उपचार चल रहा है। उनके परिजनों को सूचना दी गई। क्रेन की मदद से वाहनों को किनारे कराया गया, जिससे कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी लाइन लग गई।