जालौन के बाद हरदोई जनपद में डेंगू और मलेरिया के बीच स्क्रब टाइफस ने भी दस्तक दे दी है। दो लोगों में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई है। सितंबर में अब तक 45 बुखार पीड़ितों की स्क्रब टाइफस की जांच कराई जा चुकी है। सोमवार को जालौन के तीन मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हुई थी।
पिछले कुछ समय से कोरोना संक्रमण तो नियंत्रण में है, लेकिन बुखार लगातार पैर फैला रहा है। जनपद में डेंगू, मलेरिया और वायरल से पीड़ित लोगों की नई संख्या हर रोज सामने आ रही है। कई बार बुखार आने पर डेंगू ओर मलेरिया की रिपोर्ट निगेटिव आने पर भी लोगों का बुखार कम नहीं हो रहा।
जालौन समेत कई अन्य जनपदों में स्क्रब टाइफस के रोगी पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में भी स्क्रब टाइफस की जांच कराना शुरू कर दी। जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. शेर सिंह ने बताया कि स्क्रब टाइफस के दो मरीज मिलने की बात संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि एलआईजा और पीसीआर पद्धति से इसकी जांच की जाती है। एंटी बैक्टीरियल दवाएं पीड़ित को दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।