उन्नाव जिले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने में दो होमगार्डों को कमांडेंट ने निलंबित कर दिया। दोनों की जिला अस्पताल में सुरक्षा के लिए इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी लगी थी। रविवार रात निरीक्षण के दौरान होमगार्ड कमांडेंट को दोनों होमगार्ड सोते मिले। जिस पर कार्रवाई हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्कालीन डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय ने जिला अस्पताल में 30 होमगार्डों की ड्यूटी लगाई थी। जो तीन चरणों में ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी की हकीकत परखने के लिए रविवार रात होमगार्ड कमांडेंट मनोज कुमार शुक्ला सादी वर्दी में जिला अस्पताल पहुंचे।
इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ओमप्रकाश व श्रीकृष्ण ड्यूटी प्वाइंट की जगह बेंच पर सोते मिले। दोनों होमगार्डों ने पूर्ण वर्दी भी नहीं पहन रखी थी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में होमगार्ड कमांडेंट ने दोनाें को निलंबित कर दिया।
होमगार्ड कमांडेंट ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दोनों होमगार्ड्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है। भविष्य में जो भी इस तरह की लापरवाही करता पाया गया, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बेटे को सरकारी रायफल देने वाले होमगार्ड की शुरू हुई जांच
बेटे को सरकारी रायफल देने वाले बिहार थाना में तैनात होमगार्ड अवधेश सिंह की जांच शुरू की गई है। होमगार्ड कमांडेंट मनोज शुक्ल ने बताया कि बीओ प्यारेलाल, दिनेश चंद्र त्रिपाठी व वीरेंद्र यादव को जांच सौंपी गई है। तीन दिन में गठित टीम जांच रिपोर्ट सौंपेगी। जिसके आधार पर होमगार्ड अवधेश व एक अन्य होमगार्ड पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि होमगार्ड अवधेश का बेटा फोटो में दो सरकारी रायफल लिए दिख रहा है। दूसरी रायफल किसकी है व सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो किसकी है, यह जांच में सामने आ जाएगा।
होली त्योहार से पहले होमगार्डों को भत्ता देने का प्रयास
होमगार्ड कमांडेंट मनोज कुमार शुक्ल ने बताया कि होली त्योहार तक होमगार्डों को उनका भत्ता दिलाने की कोशिश की जा रही है। ताकि किसी का त्योहार फीका न पड़ सके। बताया कि दो मार्च तक उपस्थिति का सत्यापन कर भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।