कानपुर देहात में गजनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में रविवार दोपहर बाद ढाई माह की बच्ची पुआल के ढेर में जल गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मां ने उसे खेत की मेड़ पर पुआल का ढेर लगाकर सुला दिया था।
इसके बाद वह धान काटने लगी। वहां अन्य बच्चे खेल रहे थे। बच्चों के खेल में आग लगने की आशंका है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आर्यनगर फत्तेपुर रोशनाई निवासी जगत सिंह की पत्नी रामदुलारी अपनी सास के साथ लोदीपुर गांव में खेतों में धान काटने गई थी।
वह ढाई माह की बच्ची प्रांशी को भी ले गई थी। काम करने के दौरान उसने बच्ची को खेत के मेड़ पर पुआल के ढेर में सुला दिया। बच्ची सो रही थी। वहां पास में अन्य बच्चे भी खेल रहे थे। अचानक बच्ची के पास धुआं उठता देखकर रामदुलारी मौके पर पहुंची।
इस बीच मासूम की आग से जलकर मौत हो गई। उसके बिलखने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग एकत्र हो गए। बच्ची का पिता जगत सिंह मौके पर पहुंचा। उसने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर पड़ताल की। उन्होंने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बच्चों के खेल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।