बसपा की जिला, मंडल इकाई पदाधिकारियों और विधानसभा प्रत्याशियों में किए गए बदलाव की औपचारिक घोषणा मंगलवार को कर दी जाएगी। वहीं, चर्चा है कि असंतुष्ट खेमा बैठक में खलल डाल सकता है। पार्टी ने नए पदाधिकारियों की घोषणा के लिए मंडल कार्यालय की जगह नमक फैक्ट्री चौराहे पर स्थित एक गेस्ट हाउस में बैठक बुलायी है।
पिछले हफ्ते लखनऊ में हुई बैठक के दौरान बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी जिलाध्यक्ष, कई जोनल और मंडल कोआर्डिनेटर के अलावा गोविंदनगर और कल्याणपुर प्रत्याशी बदलने का निर्देश दिए थे। जिला इकाई के नए अध्यक्ष बनाए गए प्रशांत दोहरे ने बताया कि पार्टी में बदले गए पदाधिकारियों की घोषणा के बाद आगे की रणनीति पर कार्य किया जाएगा।
उधर गोविंदनगर विधानसभा के प्रत्याशी से हटाए गए अरविंद विश्वकर्मा ने बताया कि गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में दलित और पिछड़ा वोट काफी हैं। यह सभी वोट उनके समर्थन में थे, फिर भी उन्हें प्रत्याशी से क्यों हटाया गया, यह पार्टी का फैसला है। गोविंदनगर से निर्मल तिवारी को प्रत्याशी बनाया गया है।
बिठूर में कांग्रेस ने निकाली परिवर्तन यात्रा
कांग्रेस नगर ग्रामीण इकाई ने सोमवार को बिठूर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में परिवर्तन यात्रा निकाली। शिवदीन पुरवा, बनिया पुरवा, हिंदूपुर, दुर्गापुरवा ग्राम सभा में निकाली गई यात्रा के दौरान इकाई के जिलाध्यक्ष अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि मोदी सरकार अच्छे दिन के सपने दिखाकर जनता को ठगा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसा दल है, जो कभी भी जाति, धर्म और भेदभाव की राजनीति से ऊपर उठकर काम करती है। यात्रा में प्यारे लाल निषाद, प्रांशु सिंह, राजकुमार, दीपक दीक्षित, महेंद्र निषाद, शरद मिश्रा मौजूद रहे।