छठ पूजा के मद्देनजर रेलवे ने नई त्योहार स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी किया है। यह ट्रेनें शुक्रवार से चलेंगी। दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तीन जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं। इन ट्रेनों का संचालन सीमित अवधि के लिए होगा।
इसमें गति शक्ति सुपरफास्ट ट्रेन को भी शामिल किया गया है। साथ ही पटना-पुणे और बरौनी-एलटीटी टर्मिनस के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। दो जोड़ी ट्रेनें दिल्ली से बिहार के राजगीर रेलवे स्टेशन के बीच चलाई जा रही हैं, जबकि गति शक्ति एक्सप्रेस की एक जोड़ी पटना से दिल्ली के बीच चलेगी।
- राजगीर-आनंद विहार टर्मिनल त्योहार स्पेशल (03697) राजगीर रेलवे स्टेशन से 12, 15 और 18 नवंबर को चलायी जाएगी। वापसी में यह ट्रेन 13, 16 और 19 नवंबर को चलेगी। राजगीर रेलवे स्टेशन से ट्रेन दोपहर 2:45 बजे चलकर बिहार शरीफ, पटना जंक्शन, आरा, बक्सर, प्रयागराज होते हुए सुबह चार बजे कानपुर सेंट्रल और सुबह 10:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03698 आनंद विहार से दोपहर 12:30 बजे चलकर शाम 6:30 बजे कानपुर सेंट्रल और सुबह सात बजे राजगीर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
- राजगीर-आनंद विहार टर्मिनल त्योहार स्पेशल (03695) राजगीर रेलवे स्टेशन से 13 और 16 नवंबर को चलाई जाएगी। वापसी में यह 14 और 17 नवंबर को चलेगी। राजगीर रेलवे स्टेशन से यह दोपहर 2:45 बजे चलकर बिहार शरीफ, पटना जंक्शन, आरा, बक्सर, प्रयागराज होते हुए सुबह चार बजे कानपुर सेंट्रल आएगी और सुबह 10:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03696 आनंद विहार से दोपहर 12:30 बजे चलकर शाम 6:30 बजे कानपुर सेंट्रल और सुबह सात बजे राजगीर पहुंचेगी।