इटावा जिले के जसवंतनगर में एक सप्ताह पूर्व ग्राम भतौरा में नहर में पुल के पास मिली 19 वर्षीय युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने युवती की हत्या में उसकी मां, चाचा और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि दिल्ली के एक युवक से प्रेम-प्रसंग के चलते हो रही बदनामी के कारण युवती की हत्या की गई थी।
13 अप्रैल को 19 वर्षीय मुस्कान का शव नहर में पुल के पास पड़ा मिला था। मृतका की मां रेनू देवी ने 18 अप्रैल को बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए भागीरथ और शिवसागर खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर धारा 363, 302 और 201 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही।
पुलिस ने परिजनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए। मोबाइल नंबर की डिटेल खंगालने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर मां रेनू से पूछताछ की। पुलिस के सामने जो कहानी आई, उसके अनुसार युवती परिजनों के साथ दिल्ली में रहती थी। वहीं एक युवक से प्रेम हो गया।
परिजनों को जब यह मालूम चला तो उन्होंने मां के साथ युवती को गांव भेज दिया। वह युवक गांव में भी युवती से मिलने आने लगा। बदनामी से बचने के लिए मां रेनू देवी, चाचा बृजेश ने अपने साथी दलबीर सिंह निवासी नगला बैनीसाल के साथ 13 अप्रैल की रात मुस्कान की गला दबाकर हत्या कर दी।