कानपुर। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच शहरी शुक्रवार से पानी की किल्लत का सामना करेंगे। शहर के उत्तरी क्षेत्र में 17 अप्रैल से 10 दिन और दक्षिणी क्षेत्र में 18 अप्रैल से 15 दिन पानी की किल्लत होगी। 100 से ज्यादा मोहल्लों में रह रहे चार लाख से ज्यादा लोग प्रभावित होंगे। इस दौरान जल निगम गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र बंद कर वहां से उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र में बिछाई गई नई मुख्य पाइप लाइन जोड़ेगा। गुरुवार को अभियंताओं ने इसकी तैयारियां शुरू कीं।
जल निगम ने करीब 136 करोड़ रुपये से गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से शहर के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र में बिछीं घटिया मुख्य पाइप लाइनों के समानांतर नए सिरे से मुख्य पाइप लाइनें बिछवाई हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव ने बताया कि नई मुख्य पाइप लाइन को उत्तरी क्षेत्र में कंपनीबाग, मकराबटगंज और चुन्नीगंज में जोड़ना है। इसी तरह दक्षिणी क्षेत्र में बिछी नई मुख्य पाइप लाइन को पांच स्थानों पर जोड़ना है।
उत्तरी क्षेत्र में 17 अप्रैल को यह कार्य शुरू किया जाएगा जो 10 दिन तक चलेगा। इसलिए इस क्षेत्र में 26 अप्रैल तक बैराज से पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। इसी तरह दक्षिणी क्षेत्र में 18 अप्रैल से दो मई तक बैराज से पानी की आपूर्ति बंद कर नई मुख्य पाइप लाइन को सचान चौराहा, निरालानगर मछली मंडी, पराग डेयरी के पास, बारादेवी दक्षिणी द्वार सहित पांच स्थानों पर जोड़ा जाएगा। इसके बाद उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र में नई पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी।
उत्तरी क्षेत्र के इन मोहल्लों में होगी किल्लत
सिविल लाइंस, परेड, नई सड़क, कुरसवां, इटावा बाजार, खास बाजार, शिवाला, पटकापुर, एक्सप्रेस रोड, बिरहाना रोड, हरवंशमोहाल, मोतीमोहाल, गड़रिया मोहाल आदि।
दक्षिणी क्षेत्र के इन मोहल्लों में होगी पानी की दिक्कत
पांडुनगर, काकादेव, शास्त्रीनगर, विजयनगर, दादानगर, लेबर काॅलोनी, गोविंदनगर, रतनलालनगर, बर्रा, साकेतनगर, निरालानगर, जूही लाल काॅलोनी, उस्मानपुर, गोशाला, बारादेवी, जूही, किदवईनगर आदि।