पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में नवई में चोरों ने किराना व्यापारी की दुकान का शटर तोड़ तिजोरी से रखे 35 लाख रुपये के जेवर व 15 लाख रुपये चोरी कर ले गए। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजगैन कोतवाली के नवई निवासी रामशरण गुप्ता पुत्र स्व प्रेम नारायण गुप्ता क्षेत्र के प्रमुख किराना व्यापारी हैं। वह कई ब्रांड के उत्पादों के डीलर भी हैं। घर के नीचे उनकी दुकान हैं। बुधवार रात वह दुकान बंद कर दूसरी मंजिल पर घर के सदस्यों के साथ सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वह सोकर उठे तो उन्हें दुकान का शटर टूटा मिला। दुकान में रखी तिजोरी खुली हुई थी जबकि उसमें रखा सामान गायब था। उन्होंने अजगैन पुलिस को सूचना दी।
रामशरण गुप्ता ने बताया कि तिजोरी की चाबी वह दुकान की गुल्लक में रखते थे। चोरों ने पहले गुल्लक से चाबी निकाली और बाद में उससे तिजोरी खोल ली। तिजोरी में घर के सदस्यों के जेवर जिनकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये थी व 15 लाख रुपये उठा ले गए। चोरी की सूचना पर अजगैन कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छानबीन कर कई लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से 50 मीटर दूर जाकर खोजी कुत्ता भटक गया। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।