कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर के पास दरोगा की कार में टक्कर मारने वाले बदमाशों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चोरी का ट्रक व दो बाइकें बरपामद करने का दावा पुलिस ने किया है।
बाकी दो बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाश गो तस्करी के इरादे से घटना रोज देहात क्षेत्र में आए थे। इनके गैंग से फतेहपुर की स्वॉट टीम में तैनात एक सिपाही का नाम भी सामने आया है। इस मामले में सिपाही की भूमिका को लेकर एसपी फतेहपुर को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
शनिवार रात भोगनीपुर के चांदापुर से मोहम्मद आलम की बाइक लूटकर बदमाश भागे थे। उसने कंट्रोल रूम में घटना की सूचना दी थी। इस पर अकबरपुर पुलिस ने पीछा करके जैनपुर में लूट की बाइक समेत बदमाश को पकड़ लिया। इस बीच उसके साथी का फोन आया तो पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
उसी दौरान बदमाशों के साथी कार से आए तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे दरोगा की कार में टक्कर मार कर भाग गए। पकड़े गए बदमाश दो दिन से भोगनीपुर पुलिस हिरासत में थे। इधर, बदमाशों ने अकबरपुर पुलिस की पूछताछ में गो तस्करी के इरादे से ट्रक लेकर आने की जानकारी दी थी।
साथ ही गो तस्करी में फतेहपुर जिले के स्वाट टीम के सिपाही के शामिल होने का भी खुलासा भी किया था। पूरे घटनाक्रम को बदल कर पुलिस ने सोमवार को बारा अकबरपुर के इरफान कुरैशी व पीरनपुर जिला फतेहपुर के सरफराज अहमद व इनके दो साथियों पर वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
साथ ही पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से चोरी का ट्रक व दो बाइकें बरामद करने का दावा किया। हालांकि पुलिस यह साफ नहीं कर सकी कि ट्रक व एक अन्य बाइक कहां से चोरी करके लाई गई। पुलिस ने दोपहर बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए।
भोगनीपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दरोगा को टक्कर मारने के मामले की जानकारी नहीं है। चोरी का खुलासा होने पर चारों के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया है। इनमें दो बदमाशों की गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।