कानपुर देहात। वाहन ओवरटेक करने को लेकर मंगलवार को एक अधिवक्ता व कार चालक के बीच विवाद हो गया। इससे नाराज कार चालक ने बोनट पर अधिवक्ता को बैठाकर कार को दौड़ा दिया।
बाद में युवक कार लेकर कोतवाली पहुंचा। कार सवार युवक एक दरोगा का बेटा बताया जा रहा है। जहां पर देर रात तक दोनों पक्षों के बीच वार्ता चलती रही। अधिवक्ता ने मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
अकबरपुर ओवर ब्रिज चौराहा के निकट मंगलवार को स्कूटी सवार अधिवक्ता और कार सवार दरोगा के बेटे के बीच वाहन को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान कार सवार ने अधिवक्ता से हाथापाई की।
इसके बाद अधिवक्ता को कार के बोनट पर बैठाकर फिल्मी स्टाइल में वाहन दौड़ा दिया। वहां से कार लेकर युवक सीधे कोतवाली पहुंचा। कार के बोनट में अधिवक्ता को बैठा देख पुलिस कर्मियों में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी पर कस्बे के कई लोग कोतवाली पहुंच गए। कार सवार युवक एक दरोगा का बेटा बताया जा रहा है। वाहन में पुलिस का स्टीकर भी लगा था। हालांकि अधिवक्ता ने मामले में तहरीर नहीं दी।
देर रात तक दोनों पक्षों के बीच वार्ता चलती रही। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)