कागज की गड्डी दिखाता किसान। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। बैंक शाखा से धन निकाल कर घर जा रहे किसान के 26 हजार रुपये टप्पेबाजों ने पार कर दिए। घर पहुंचने पर किसान को झोले में रुमाल में लिपटी कागज की गड्डी मिली।
थाना क्षेत्र के गहिलू गांव निवासी चंद्रपाल संखवार किसान है। शुक्रवार को झींझक रोड स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालने आए थे। यहां से 26 हजार रुपये निकाल कर शाम को तीन बजे साइकिल से घर जा रहे थे।
झींझक रोड में महादेवन मंदिर पर लगे मेला स्थल के पास से निकलते समय दो युवकों ने उन्हें आवाज दी। इस दौरान दोनों युवकों ने किसान को बातों में उलझाकर झोले में रखे 26 हजार रुपये पार कर दिए।
किसान घर पहुंचा और झोले से रुपये निकलने लगा तो उसे एक रुमाल में लिपटी कागज की गड्डी मिली। इस पर उसने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि किसान ने तहरीर दी है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।