औरैया। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले में नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। बुधवार रात से शुरू हुई सख्ती का असर गुरुवार रात को पूरी तरह से दिखा। रात होते ही बाजार में दुकानें बंद हो गईं। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। पुलिस की टीमें लगातार शहर में गश्त करते नजर आईं।
प्रदेश सरकार की ओर से कोरोना गाइड लाइन के तहत सभी जिलों में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है। पुलिस की सख्ती दिखाई देने लगी है। बुधवार रात पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल, सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव, सीओ बिधूना महेंद्र सिंह व सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ सड़कों पर गश्त करते रहे।
बुधवार रात अन्य अधिकारियों के साथ ही महिला थानाध्यक्ष प्रीती सेंगर भी महिला पुलिस टीम के बाजारों में पहुंचीं और निर्धारित समय के बाद खुली मिली दुकानों को बंद कराया। इस बीच पुलिस ने सड़कों पर मिले इक्का-दुक्का लोगों को पहली रात होने के कारण समझाकर घर भेज दिया गया। वहीं, गुरुवार रात को सड़कों पर निकली पुलिस टीमों ने इक्का-दुक्का खुली मिली, दुकानों को सख्ती से बंद कराया। साथ ही दोबारा निर्धारित समय सीमा के बाद दुकानें खुली मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।