बर्रा बाइपास हाइवे फ्लाईओवर पर मंगलवार आधी रात को लखनऊ से दिल्ली जा रही ट्रैवल्स की बस खराब होने पर चालक उसे बीच सड़क पर खड़ी करके भाग गया। रातभर बच्चे-महिलाएं बेहाल रहे, रोते रहे। देर रात दो आटो से आए छह बदमाशाें ने बस में घुसकर लूटपाट की कोशिश की। यात्रियों ने उन्हें खदेड़ा।
डर के मारे रात भर लोग बस के अंदर ही बंद रहे। बीचो-बीच खड़ी बस पर पीछे से कोई टक्कर न मार दे, यह डर भी सताता रहा। सुबह लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चालक को बुलाकर बस ठीक कराकर रवाना की। लखनऊ से मंगलवार को करीब पचास यात्रियों ने दिल्ली जाने के लिए ऑनलाइन बस टिकट बुक कराए थे।
पंद्रह सौ रुपये प्रति यात्री लेकर साहिल, जेवीजी और आरएस ट्रैवल्स ने यात्रियों को बस उपलब्ध कराई। रात करीब एक बजे बस लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुई। करीब ढाई बजे बस बर्रा फ्लाईओवर पर खराब हो गई। खराबी सही नहीं होने पर चालक सिद्धू कुछ देर बाद आने की बात कह कर मौके से खिसक गया।
यात्री साक्षी श्रीवास्तव ने बताया कि जाने के बाद चालक ने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया। रातभर बस बीच सड़क पर खड़ी रही। महिला हेल्प लाइन पर फोन किया गया, लेकिन वहां से मदद नही मिली। अतीशा, मोहित, विशाल ठाकुर और अभिषेक ने बताया कि हाइवे पर होने की वजह से खाने, पीने का कोई सामान भी नहीं मिला।
बच्चे भूख से बिलखते रहे। यात्री प्रियंका वर्मा के मुताबिक लग्जरी बस की बात कह कर ट्रैवल्स से खटारा बस भेज दी गई। ट्रैवल्स वालों को फोन मिलाते रहे लेकिन किसी ने नहीं उठाया। सुबह होने पर 100 नंबर डॉयल किया गया तो बर्रा पुलिस आई। थानाध्यक्ष रामबाबू सिंह ने बताया चालक को बुलवाकर फटकार लगाई गई। बस ठीक करवाकर यात्रियों को रवाना किया गया।