रसूलाबाद। रिलायंस जियो टावर से चोरी हुईं बैटरियों को उनमें लगे जीपीएस के माध्यम से पुलिस ने खोज निकाला। वहीं एक चोर को भी दबोचा गया है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
रिवरी काली मठिया के पास लगे रिलायंस जियो टावर से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये कीमत की दो बैटरियां 18 अक्तूबर को चोरी हो गई थीं। चोरों को यह मालूम नहीं था कि बैटरियों में जीपीएस लगा है।
चोरों ने रात एक बजे जैसे ही बैटरी चोरी की तो जीपीएस सिस्टम ने उनकी लोकेशन रिलाइंस जियो के यूपी कार्यालय को देना शुरू कर दिया। टेक्नीशियन कुमकेश ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने तिस्ती चौकी इंचार्ज को चोर पकड़ने के लिए लगाया था। पुलिस ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर बरिगौं में लगे दूसरी कंपनी के टावर पर छापा मारकर दोनों बैटरी बरामद कर ली गई।
टॉवर के टेक्नीशियन मुरलीपुरवा कंचौसी औरैया के दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपने कई अन्य साथियों के भी नाम बताए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि दूसरे टॉवर का टेक्नीशियन बैटरी चोरी कर ले गया था। उसे पकड़ लिया गया है।