टप्पेबाजी का शिकार शिवदेवी से जानकारी लेती पुलिस। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में महिला को कागज की गड्डी थमाकर टप्पेबाज दस हजार रुपये ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाल कर संदिग्धों की तलाश शुरू की है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
अकबरपुर के रहनियांपुर गांव निवासी शिवदेवी ने बताया कि सोमवार को वह बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अकबरपुर के बचत खाते में दस हजार रुपये जमा करने आई थी। बैंक के अंदर दो युवक मिले। उन्होंने बातों में उलझा कर एक गड्डी पकड़ाई, जिसमें ऊपर पांच सौ रुपये का एक नोट लगा था।
युवकों ने जल्दी में होने की बात कहते हुए उनके भी रुपये जमा करने को कहा। गड्डी में 20 हजार रुपये होने की बात कही और उससे दस हजार रुपये ले लिए। महिला गड्डी लेकर काउंटर की तरफ बढ़ी इस बीच युवक फरार हो गए।
तब महिला की नजर गड्डी पर पड़ी तो वह अखबार की कटिंग निकली। इस पर उसे टप्पेबाजी की जानकारी हुई। मामले की सूचना पर यूपी 112 व अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने छानबीन की लेकिन युवकों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि मामले में छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।