सर्वे टीम द्वारा ग्रामीणों को दिखाया गया सर्वे गूगल मैप
- फोटो : DEHAT
बिल्हौर। क्षेत्र से गुजरे आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे हाई स्पीड ट्रेन चलाने के लिए हवाई और स्थलीय सर्वे एक निजी कंपनी के सर्वेयरों द्वारा कयिा जा रहा है। ग्रामीणों की मानें तो बीते कई दिनों आसमान में हेलीकाप्टर भी घूम-घूमकर सर्वे कार्य में लगे हैं।
क्षेत्र के रौगांव, खड़ैचा, मकनपुर, इलियासपुर, बारंडा, गूजेपुर, शेषपुर धर्मशाला, अरौल, भीटी हवेली, बहरामपुर आदि गांवों से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे गुजरता है। भीटी हवेली निवासी ग्रामीण सुनील कुमार, संचित कटियार ने बताया कि बीते कई दिनों से उनके गांव के समीप से गुजरे एक्सप्रेसवे के किनारे इजिस इंडिया की सर्वे टीम आई हुई है। स्थलीय के साथ हेलीकाप्टर के जरिये हवाई सर्वे भी किया जा रहा है।
टीम के सदस्य आसमान में उड़कर आने वाले हेलीकाप्टर के संपर्क में रहते हैं और गूगल मैप के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण करते हैं। सर्वे में लगे कर्मियों ने बताया कि दिल्ली से आगरा, लखनऊ होते हुए वाराणसी तक एक्सप्रेसवे के किनारे ही एलीवेटटेड हाईस्पीड रेल ट्रैक बनाने की योजना है। इस एलीवेटटेड ट्रैक पर हाईस्पीड ट्रेन चलेगी। सर्वे में लगे कर्मियों द्वारा पूरे सर्वे का डिजटलीकरण करने के साथ ही गूगल मैप पर फीडिंग भी की जा रही है। सर्वे को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बिल्हौर तहसीलदार अवनीश कुुमार ने बताया कि क्षेत्र में कही भी न तो हेलीकाप्टर उतरने की सूचना है और न ही सर्वे की कोई जानकारी उनके पास है।
फोटो- फोटो : DEHAT