नौ अप्रैल से शुरू होने वाले आईपीएल सीजन-14 में स्वरूप नगर के सुनील चतुर्वेदी मैच रेफरी की भूमिका निभाएंगे। सुनील प्रदेश के पहले ऐसे मैच रेफरी हैं जिनको चौथी बार आईपीएल में मौका मिला है।
इसके अलावा सौ प्रथम श्रेणी मैचों में रेफरी की भूमिका निभाने वाले वह देश के इकलौते मैच रेफरी हैं। यूपी से अभी तक आईपीएल के लिए किसी भी मैच रेफरी का नाम नहीं गया है। सुनील 2016, 2017 व 2018 आईपीएल में रेफरी की भूमिका अदा कर चुके हैं।
अभी तक सभी श्रेणियों के कुल 326 मैचों में वह रेफरी रह चुके हैं। सुनील ने कहा कि मेरा क्रिकेट और कानपुर से गहरा नाता है। शहर के खिलाड़ियों में भी काफी हुनर है, जो आगे चलकर शहर का नाम रोशन करेंगे।
बता दें कि मैच रेफरी पर खेल के दौरान आईसीसी क्रिकेट आचार संहिता को बरकरार रखने की जिम्मेदारी होती है। खिलाड़ी अगर संहिता का उल्लंघन करता है तो रेफरी ही दंड सुनिश्चित करता है।