हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में इंटरमीडिएट के छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने पुलिस की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर छात्र के फांसी लगाने की बात कही है। परिजनों ने इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। छात्र के शव का पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरिया निवासी विपिन (18) पुत्र अवधेश हरपालपुर कस्बे के एक प्राइवेट इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र था। गुरुवार की सुबह उसका शव घर के अंदर कमरे में लुंगी से फंदे पर लटकता मिला। पिता अवधेश और विपिन की दो बहनें शांती और खुशबू शव देखकर बिलख पड़ीं। सूचना पर हरपालपुर कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता अवधेश ने बताया है कि विपिन के साथ ग्राम बलदेव पुरवा निवासी गौरव पुत्र भयन्नू भी पढ़ता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। गौरव का प्रेम प्रसंग अरवल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से था। 15 दिन पहले गौरव और किशोरी घर से एक साथ चले गए थे। इधर इस मामले में लड़की के पिता ने शिकायती पत्र थाने में दिया था।
पुलिस ने लिखा पढ़ी के बिना ही किशोरी को खोजकर परिजनों के हवाले कर दिया था। किशोरी के परिजनों ने विपिन पर भी गौरव का साथ देने और साजिश करने का आरोप लगाया था। पिता अवधेश ने बताया कि अरवल थाने की पुलिस लगातार विपिन को परेशान कर रही थी। उक्त किशोरी की शादी भी उसके परिजनों ने कुछ दिन पहले कर दी थी।
अरवल थाने की पुलिस बुधवार को घर आई थी और विपिन से पूछताछ की थी। इससे विपिन आहत था और उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हरपालपुर कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि पूर्व में हुए प्रकरण की कोई जानकारी उन्हें नहीं है। खुदकुशी किए जाने को लेकर मृतक के पिता ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर देंगे तो जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घटना के संबंध में इस सम्बन्ध में अरवल एसओ भगवान चंद्र वर्मा का कहना है विपिन लड़की को फोन करता था साथ ही परिजनों के आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किशोरी को विपिन का दोस्त साथ ले गया था। किशोरी की परिजनों ने शादी कर दी थी। उन्होंने बताया दो दिन पूर्व किशोरी के परिजनों ने थाने में मौखिक शिकायत की थी। किशोरी के परिजनों ने कहा था कि विपिन शादी होने के बाद भी किशोरी के मोबाइल पर फोन कर रहा है। इसके चलते विपिन से पूछतांछ की गई थी।