कानपुर देहात। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को जैनपुर (निरंजनपुर) स्थित हाईवे प्वाइंट होटल में छापा मारा। यहां तैयार दाल मखनी व छोले बासी व फंफूदी लगे मिले। वहीं विभिन्न ब्रांड के जूस व जैम एक्सपायर पाए गए। इस पर टीम ने आपत्ति जताई और खराब खाद्य पदार्थ नष्ट कराए।
अभिहित अधिकारी मनोज कुमार वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमांशु सचान, सुनील कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, रुचि बाजपेई व विनीता यादव की टीम ने शुक्रवार को अभियान के तहत चेकिंग की। जैनपुर में नमित अग्निहोत्री के हाईवे प्वाइंट होटल में मिली खराब दाल मखनी, छोले, विभिन्न ब्रांड के जूस, जैम आदि नष्ट कराए।
यहां से मिलावट के अंदेशे पर दूध व पनीर का एक-एक नमूना संकलित किया गया। वहीं खाद्य टीम ने डेरापुर के महोई में उदयपाल व संदलपुर की रविंद की किराना दुकान से सरसों तेल का एक-एक नमूना, संदलपुर में राजेश की दुकान से चना दाल व अरहर दाल का एक-एक नमूना भरा।
रसूलाबाद में झींझक रोड स्थित गौरव गुप्ता की किराना दुकान से अरहर दाल का नमूना संकलित किया गया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।