भांवरों की रस्म को बीच में छोड़ परीक्षा देने पहुंची दुल्हन
वहीं, महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र में भांवरों की रस्मों के बीच परीक्षा का समय होने पर सोमवार को दुल्हन रस्में छोड़कर परीक्षा देने के लिए नवोदय महाविद्यालय श्रीनगर पहुंची। इस दौरान दूल्हा व बराती दुल्हन के वापस आने का इंतजार करते रहे। परीक्षा संपन्न होने के बाद ही शादी की अन्य रस्में पूरी हुईं।
पुरवा पनवाड़ी निवासी बाबूलाल की पुत्री प्रेमा की 14 मई की शादी थी। बरात हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे से आई थी। सोमवार सुबह वैवाहिक रस्में चल रहीं थीं। प्रेमा की बुंदेलखंड नवोदय महाविद्यालय श्रीनगर में बीए तीसरे सेमेस्टर की राजनीति विज्ञान की परीक्षा थी।
भांवरों की रस्मों को बीच में छोड़कर वह परीक्षा देने के लिए बुंदेलखंड नवोदय महाविद्यालय पहुंची। इस दौरान दूल्हा गौतम रघुवंशी, बराती और रिश्तेदार प्रेमा के परीक्षा देकर लौटने का इंतजार करते रहे। महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से परीक्षा के बाद प्रेमा को मिठाई खिलाकर उसे उपहार स्वरूप साड़ी भेंट की गई।
प्रबंधन ने बताया साहसिक कदम
कॉलेज के विश्वनाथ सिंह राघव ने कहा कि यह छात्रा का साहसिक कदम है। कॉलेज के परीक्षा केंद्राध्यक्ष उमेश यादव, आशीष मिश्रा, राजकुमार पांचाल, पूजा यादव, किरन नामदेव, सुरेन्द्र तिवारी, पवन, प्रताप व मुन्ना ने छात्रा को शादी की बधाई दी।