कानपुर में महाराजपुर के नयाखेड़ा गांव में छह लोग गंगा नहाते समय डूब गए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने जाल की मदद से तीन लोगों को बचा लिया। जबकि तीन लोग लापता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे महाराजपुर के नयाखेड़ा (नागापुर) निवासी रतीराम रैदास का बेटा श्यामसुंदर (25), सीताराम रैदास का बेटा दिनेश (26), जयकरन रैदास की बेटी साक्षी (12) गांव की ही कुमकुम (15), अरविंद (10) व शिवा (10) के साथ गांव स्थित गंगा तट पर नहाने गए थे।
पैर पिसलने से इनमें से एक युवक डूबने लगा। जिसे बचाने में एक-एक कर सभी गहराई में चले गए और सभी डूबने लगे। इनमें कुमकुम ने किसी तरह शोर मचाना शुरू किया। गंगा की रेती में सब्जी की खेती करने वाले किसान दौड़ पड़े।
लोगों ने कुमकुम, शिवा व अरविंद को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। लेकिन दिनेश, श्यामसुंदर व साक्षी गंगा के बहाव में बह गए। घटना के बाद सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सतीश राठौर संग ग्रामीण खोजबीन में जुटे हैं। लेकिन डूबे लोगों का अभी तक पता नहीं चला है।