कानपुर। कमला क्लब में 17 से चल रहे उत्तर प्रदेश अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के चयन शिविर में कानपुर की खिलाड़ी सिद्धि और आयुषी सिंह अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। दोनों खिलाड़ी रतनलाल शर्मा स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं और प्रशिक्षण के दौरान लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। यह शिविर 23 अगस्त तक चलेगा।
बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज सिद्धि ने पिछले वर्ष बीसीसीआई अंडर-19 टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए चार मैचों में 12 विकेट हासिल किए थे। वहीं, आयुषी सिंह ने अंडर-19 जोनल चयन मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। उन्हें जोन में केवल एक चयन मैच खेलने का अवसर मिला जिसमें उन्होंने नाबाद 60 रन की शानदार पारी खेली। अगले दौर के मुकाबले में उन्होंने 15 रन बनाए। आयुषी को मानसिक रूप से मजबूत खिलाड़ी माना जाता है।
दोनों खिलाड़ी रतनलाल शर्मा स्टेडियम में प्रशिक्षक की देखरेख में अभ्यास करती हैं। कमला क्लब में चल रहे शिविर के समापन के बाद उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला टीम घोषित की जाएगी। ऐसे में सिद्धि और आयुषी की नजर टीम में जगह बनाने पर है।