कानपुर। बिल्हौर तहसील दिवस में पहुंचने से पहले जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में तैनात चार शिक्षक अनुपस्थित मिले जबकि 106 नामांकित विद्यार्थियों में केवल तीन बच्चे उपस्थित थे। मौके पर शिक्षामित्र महेश प्रसाद मौजूद मिले। प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना गुप्ता व शिक्षिका क्षमा श्रीवास्तव आकस्मिक अवकाश पर थीं। शिक्षिका साफिया खातून अंसारी बीआरसी में प्रशिक्षण और सबीहा हसन जैदी चिकित्सकीय अवकाश पर थीं।
चार शिक्षकों के अनुपस्थित रहने और बच्चों की कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह से जवाब मांगा गया लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के पंजीकरण व उपस्थिति की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी देखी। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार रोटी-सब्जी तैयार की जा रही थी।