गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर बाजार मोड़ के सामने मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार क्लर्क प्रवीण कुमार मिश्रा (35) की दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रैक्टर का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया।
भातू फॉर्म गायत्री नगर निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा, जो अचलगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे, अपनी कार खराब होने के कारण उसकी मरम्मत के लिए मरहला चौराहा से मिस्त्री को लेकर बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान आजाद नगर मोड़ के पास उनकी बाइक फिसल गई। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्राली में सीमेंट और मौरंग लदी थी, और अधिक भार के कारण प्रवीण के सिर पर पहिया चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर को भी कोतवाली भिजवाया है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। मृतक के पिता अरुण ने बताया कि प्रवीण उनका इकलौता बेटा था। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।